महोबा। कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में बाबा ढाबा के समीप तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने के कारण बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने बहन के घर आया था। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के थाना महाराजपुर के ग्राम मुखर्रा निवासी अशोक (22) पुत्र रामआसरे मंगलवार को कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने को शहर के हमीरपुर चुंगी निवासी अपनी बहन के यहां आया था। रात करीब 10 बजे अशोक अपने साथी सुनील के साथ विजय सागर पक्षी बिहार के समीप स्थित पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने गया था। लौटते समय बाबा ढाबा के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। दुघर्टना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने अशोक को मृत घोषित कर दिया, सुनील की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।