कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करहराकलां में पहाड़ के नीचे स्थापित प्राचीन कालिका माता मंदिर में अराजकतत्वों ने देवी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण और हिंदू संगठन के लोग भड़क गए। प्रतिमा खंडन व तनाव की सूचना पर पुलिस अधीक्षक, अपर एसपी, सीओ सदर, एसडीएम व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही ग्राम पंचायत को दूसरी प्रतिमा स्थापित कराने के निर्देश दिए। तब ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
ग्राम करहराकलां में पहाड़ के नीचे प्राचीन कालिका देवी मंदिर स्थापित है। जहां ग्रामीण सुबह शाम पूजा अर्चना के लिए जाते है। मंगलवार रात अराजकतत्वों ने देवी प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। बुधवार की सुबह जब ग्रामीण मंदिर गए तो प्रतिमा क्षतिग्रस्त देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई और हिंदू संगठन के लोग भी पहुंच गए। प्रतिमा खंडित होने से आक्रोशित लोग अराजकतत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता देख पुलिस अधीक्षक एन कोलांची, अपर एसपी वंशराज यादव, सीओ जितेंद्र दुबे, एसडीएम राजेश यादव, कोतवाली प्रभारी विक्रमाजीत सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। एसपी ने दोषियों के खिलाफ जांच कराकर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही नई प्रतिमा स्थापित कराने की बात कही। जिससे लोग शांत हुई। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद किसी भी प्रकार के बवाल की आशंका को देखते हुए मंदिर के समीप पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। एसपी का कहना है कि मामले में जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।