महोबा शहर के लौड़ी तिगैला स्थित ढाबे को बंद कर घर जा रहे संचालक के दोबारा ढाबा न खोलने से नाराज दबंग ने तमंचे से फायर झोंक दिया। हालांकि इस दौरान ढाबा संचालक बाल बाल बच गया और गोली उसके बगल से निकल गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला भटीपुरा निवासी विजय प्रताप सिंह पुत्र रामचरन सिंह लौड़ी तिगैला में ढाबा चलाते हैं। शनिवार रात करीब 11:30 बजे विजय प्रताप ढाबा बंद कर घर जाने लगे। आरोप है कि तभी दबंग भैरव वहां पहुंच गया और शराब पीने व खाना खाने के लिए ढाबा खोलने का दबाव डाला। विरोध करने पर दबंग गाली गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गया। बात बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से ढाबा संचालक पर फायर झोंक दिया। गोली संचालक के बगल से निकल गई और वह बाल बाल बच गया। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला। पीड़ित विजय प्रताप ने कोतवाली पहुंचकर घटना की नामजद तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी भैरव के खिलाफ जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी जेपी यादव ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।