खंड विकास पनवाड़ी कार्यालय में तैनात एक महिला कर्मचारी ने बीडीओ पर छेड़खानी और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाते हुए तहरीर थाना पनवाड़ी में दे दी है। बीडीओ द्वारा छेड़खानी किए जाने की खबर लगते ही उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ और सीओ कुलपहाड़ मौके पर पहुंच गए।
बीडीओ कार्यालय में तैनात महिला कर्मचारी संध्या वर्मा ने आरोप लगाया कि वह कार्यालय में अपने पटल पर काम कर रही थी तभी बीडीओ साहब ने उसे एनआईसी कक्ष में बुलाया और कमरे का गेट बंद कर लिया। इसके बाद बीडीओ ने हाथ पकड़कर अश्लील हरकते करना शुरू कर दिया। मेरे विरोध करने पर गाल में एक थप्पड़ जड़ दिया और मेरा मोबाइल स्विच आफ कर दिया और हाथ पकड़कर छेड़खानी करने लगे।
पीड़िता कर्मचारी ने थाना पनवाड़ी में घटना की तहरीर सौंप दी है। छेड़खानी की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ विनय कुमार पाठक व सीओ विनोद सिंह मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। उपजिलाधिकारी का कहना है कि बीडीओ कार्यालय में नही मिले।
महिला ने थाने में तहरीर दे दी है। जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खंड विकास अधिकारी अश्वनी कुमार का फोन रिसीव न होने के कारण बात नही हो सकी। उधर मुख्य विकास अधिकारी शंकरलाल त्रिपाठी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। महिला ने पुलिस को तहरीर भी दे दी है। अभी मेरे पास कोई शिकायत नही आई है।