परिचय-चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
महोबा। शहर के मोहल्ला गांधी नगर में चोरों ने बैंक कर्मचारी के मकान का ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपये की नगदी समेत करीब पांच लाख रुपये कीमत का माल चोरी कर लिया। घटना के समय गृहस्वामी परिवार सहित देवोत्थान एकादशी पर्व पर अपने गांव गया था।
सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी राजेंद्र प्रसाद भारतीय स्टेट बैंक में कर्मचारी है। मंगलवार को देवोत्थान एकादशी का पर्व पर राजेंद्र प्रसाद अपनी पत्नी रामदेवी व बच्चों के साथ अपने गांव मध्यप्रदेश के छतरपुर गए थे। रात में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस आए। कमरों में रखी अलमारी का ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपये की नगदी व करीब साढ़े तीन लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
बुधवार की सुबह जब परिजन घर लौटे तो उन्हें जानकारी मिली। पीड़िता रामदेवी ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी विक्रमाजीत सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
बंद मकान से हजारों की चोरी
श्रीनगर महोबा। ग्राम बसौरा निवासी जयसिंह पुत्र मोहनलाल मंगलवार को मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ खेतों पर काम करने गया था। तभी चोर दीवार फांदकर मकान में घुस आए और कमरे में रखे हजारों रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित घर लौटा तो चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित जयसिंह ने बताया कि चोर मकान की रजिस्ट्री व बैंक पासबुक भी ले गए। सूचना पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।