महोबा। ग्राम अजनर में चार सशस्त्र बदमाशों ने रविवार की रात को एक देशी शराब के ठेके में घुसकर सैल्समेन की मारपीट कर 80 हजार रुपये लूट लिए और मोबाइल भी छीन ले गए। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित सेल्समैन ने घटना की तहरीर थाना अजनर में दे दी है। पुलिस घटना का पर्दाफाश करने में जुट गई है।
थाना श्रीनगर के ग्राम सिजहरी निवासी हरिओम शिवहरे अजनर में स्थित देशी शराब के ठेके में सेल्समैन है। रविवार की रात को करीब 11 बजे बंद करके अंदर लेटा हुआ था तभी चार सशस्त्र बदमाशों ने शराब लेने के बहाने दुकान का दरवाजा खटखटाकर सेल्समैन को उठाया और शराब देने की बात कहीं। जैसे ही सेल्समैन शराब की बोतले देने के लिए मुड़ा तभी बदमाशों ने तमंचा लगाकर मारपीट शुरु कर दी। बदमाशों के दो अन्य साथियों ने सेल्समैन से 80 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। बदमाश पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
घटना के बाद बुरी तरह सहमे सेल्समैन ने बदमाशों के जाने के बाद चीखना चिल्लाना शुरु कर दिया। तभी ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में ग्रामीणों के साथ जाकर सेल्समैन से घटना की तहरीर को थाना अजनर में दे दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है। घटना के बाद से लोगों में दहशत व्याप्त है। प्रभारी थानाध्यक्ष अजनर शिवरतन गुप्ता कहना है कि लूट की घटना झूठी है। सेल्समैन ने पैसा हड़पने के लिए साजिश रची है। मौके पर जाकर जांच की गई और आस पास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। लेकिन लूटपाट घटना होने की किसी ने पुष्टि नहीं की।