कस्बा चरखारी के मोहल्ला रायनपुर में शिक्षक के आवास पर लंबे समय से चल रहे जुआड़खाने का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसपी के निर्देश पर महोबा, कुलपहाड़ और चरखारी कोतवाली पुलिस ने संयुक्त छापामारी कर 22 जुआरियों को पकड़ा है। पुलिस ने मालफड़ और जामा तलाशी में 7.90 लाख रुपये
बरामद किए हैं। सभी जुआरियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मौके से भाग रहे जुआ खिलाने वाले सरकारी स्कूल शिक्षक को भी दबोच लिया। देर शाम शिक्षक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।सीओ चरखारी नंदलाल के नेतृत्व में महोबा, चरखारी व कुलपहाड़ पुलिस
ने रायनपुर में एक शिक्षक के आवास पर छापामारा। जहां से पुलिस ने देवेंद्र, रवि, नंदकिशोर, शंकर, मुमताज, नरेंद्र, प्रदीप, योगेश, रमेश, सुरेंद्र, जगदीश, शाबिर, लोकनाथ, ओमप्रकाश, कैलाश, दृगविजय, पप्पू, सुरेंद्र, ऋषिकेश सहित 22 लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मालफड़ से सात लाख एक हजार पांच
सौ, जबकि जामा तलाशी में 88 हजार 500 रुपये बरामद किया है।इसके अलावा मौके से छह बाइक व 20 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। कोतवाली प्रभारी चरखारी बलजीत सिंह ने बताया मुखबिर की सूचना पर एसपी गौरव सिंह के निर्देश पर छापामार कार्रवाई की गई। जुआ खिलाने वाला शिक्षक भारत
सिंह राजपूत चरखारी के बमरारा स्थित प्राथमिक स्कूल में तैनात है। छापामारी के दौरान शिक्षक भागने में सफल हो गया था, पर बाद में उसे पकड़ कर मुकदमा दर्ज किया गया।