झांसे से झंझट में ही फंस गई युवती
कानपुर से कथित प्रेमी से मिलने आई युवती को साथियों ने बनाया ‘बंधक’
थाने शिकायत करने पहुंचा युवक तो खुली पोल, युवती ने मुंह फेरा
युवती के धर्म के हिसाब से एक युवक ने अपना दूसरा नाम बताते हुए उसे झांसे में फंसाने के बाद उसे झंझट में ही डाल दिया। दोनों के बीच रिश्ते इतने प्रगाढ़ हो गए थे कि एक फोन कॉल पर युवती उसके बुलाने पर कानपुर से यहां तक आ भी गई। जालसाज युवक के साथी बुरी निगाह रखते हुए उसे एक कमरे पर ले गए और छेड़छाड़ शुरू कर दी। यह सब होता देखकर युवक थाने पहुंचा, मगर वहां जब वहां उसके नाम की पोल खुली तो लड़की ने उससे मुंह ही मोड़ लिया। अब दोनों थाने में हैं, युवती के परिवार वालों को बुलाया गया है।
कोतवाली में मौजूद युवती ने बताया कि वह कानपुर की रहने वाली है। तीन माह पहले थाना फरधान के गांव बेहजम का युवक कानपुर में अपने एक परिचित के यहां आया था। जहां उससे मुलाकात हुई। दोनों ने एक-दूसरे को मोबाइल नंबर दिए और बातचीत करने लगे। युवती का कहना है कि सोमवार की सुबह उक्त युवक ने उसे फोन किया। जिस पर वह दोपहर करीब 12 बजे कानपुर से चली और रात करीब आठ बजे रोडवेज बस अड्डे लखीमपुर पहुंच गई। जहां उसे उक्त युवक मिला और दोनों बातचीत करने लगे। इसके बाद उक्त युवक उसे रिक्शे से कहीं ले जा रहा था। रात करीब 10 बजे रेलवे स्टेशन के पास दो युवकों ने रोक लिया और दोनों को अपने कमरे पर ले गए। बाद में एक लड़का चला गया। सुबह उसके बुलाने वाले लड़के के दोस्त ने उसके साथ छेड़छाड़ की तो उक्त युवक कोतवाली पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लड़की, उसके दोस्त और युवक को पकड़कर कोतवाली लाई, तो हकीकत सामने आ गई। यहां युवक ने अपना नाम कुछ और बताया। यह सुन युवती सन्न रह गई। युवती ने युवक के साथ जाने से इंकार कर दिया। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि युवती के घर वालों और कानपुर पुलिस को सूचना दी गई है। देर शाम तक परिवार वालों और पुलिस के लखीमपुर पहुंचने की संभावना है। दोनों युवक सदर कोतवाली पुलिस और युवती को महिला थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है।