दबंगों ने किसान को अगवा कर किया अधमरा
चरखारी (महोबा)। खेत में दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने से नाराज किसान ने अपना खेत बेच दिया। इससे गुस्साएं दबंगों ने किसान को अगवा कर उसकी जमकर लाठी-डंडों से पिटाई कर अधमरा कर दिया। जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। घायल के पिता ने दबंगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट और घर में घुसकर हमला किए जाने का मुकदमा दर्ज करा दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सूपा निवासी करिया अहिरवार के खेत में गांव के ही कुछ दबंगों ने कब्जा कर लिया था। जिससे वह अपनी खेत में फसल की बुुआई नहीं कर पा रहा था। इससे परेशान होकर उसने अपना खेत दूसरे लोगों को भेज दिया। इससे दबंग करिया को घर से अगवा कर जमकर मारपीट की और मरणासन्न हालत में छोड़कर चले गए। परिजनों ने उसे घायलावस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी पहुंचाया।
घायल के पिता नंदिया अहिरवार ने कोतवाली चरखारी में तहरीर देकर दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है। कोतवाली प्रभारी चरखारी अनूप कुमार दुबे का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।