पनवाड़ी (महोबा)। थाना महोबकंठ के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म की रिपोर्ट महिला आयोग के आदेश पर दर्ज कर ली गई है। पीड़िता एक माह से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटक रही थी।
एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी को घर पर अकेला पाकर युवक ने तमंचे के बल पर एक साल पहले दुष्कर्म किया था। अश्लील फोटो भी खींच ली थी। इसके बाद फोटो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। 22 मई को आरोपी एक बार फिर किशोरी के घर पहुंचा। मां ने इसका विरोध किया था। इसके बाद पीड़िता ने पूरी घटना बताई। थाना व सीओ कार्यालय में तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। अमर उजाला ने दो जून के अंक में यह मामला उठाया था।
पीड़िता ने राज्य महिला आयोग में शिकायत की। महिला आयोग ने थानाध्यक्ष महोबकंठ को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। सोमवार को राजकुमार के खिलाफ घर में घुसकर दुष्कर्म, धमकी व पॉस्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।