विद्युत टीम का घेराव किए ग्रामीण।
- फोटो : MAHOBA
श्रीनगर (महोबा)। पवा गांव में बड़ेे बकायेदारों के कनेक्शन काटने गई विद्युत टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए अभद्रता की। मामला बढ़ता देख अवर अभियंता ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
66केवीए पावर स्टेशन महोबा में तैनात अवर अभियंता विजय शंकर के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम ने पवा गांव में एकमुश्त समाधान योजना के तहत शिविर लगाया। इसमें महज तीन उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा किए। इसके चलते टीम ने बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने विरोध करते हुए टीम का घेराव कर लिया। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने कर्मचारियों से धक्का-मुक्की करते हुए काटी गई बिजली केबल छीन ली। ग्रामीणों का आक्रोश देख अवर अभियंता ने विजिलेंस टीम को बुलाया गया लेकिन ग्रामीण कनेक्शन न काटे जाने की जिद पर अड़े रहे। इस पर थाना श्रीनगर की पुलिस बुलानी पड़ी। तब मामला शांत हुआ। अवर अभियंता का कहना है कि शासन द्वारा उपभोक्ताओं को लाभ देने के लिए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) चलाई जा रही है। इसके बाद भी उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं कर रहे हैं।