खरेला (महोबा)। ग्राहक सेवा केंद्र से दो बैंक खातों में रुपये डलवाने और बाद में रकम वापस न किए जाने पर तत्कालीन थानाध्यक्ष खरेला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खरेला निवासी अमन सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि वह खरेला निवासी भानुप्रताप सिंह के वक्रांगी केंद्र कार्यालय व बैंक ऑफ बड़ौदा ग्राहक सेवा केंद्र में तीन सालों से प्रबंधक के पद पर कार्य करता है। केंद्र में आने वाले ग्राहकों का खाता खोलने, किसान पंजीकरण करने के साथ एटीएम में कैश लोडिंग का कार्य देखता है। उसके मालिक द्वारा तीन लाख की धनराशि खाते और वक्रांगी एटीएम के लिए छह लाख की धनराशि वर्किंग के रूप में दी गई। इस धनराशि का प्रयोग मालिक के कहने पर बैंकिंग लेनदेन आदि के कार्यों में किया जाता है। 12 अप्रैल 2021 को उसके पास कॉल आई और पूछा गया कि 1.25 लाख रुपये दूसरे के खाते में स्थानांतरित हो सकते हैं। अमन सिंह ने 75 हजार की व्यवस्था खाते से होने की बात कही।
भानुप्रताप सिंह ने 75 हजार रुपये तत्कालीन थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह के खाते में स्थानांतरित करने को कहा। कुछ देर बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष ने अजय कुमार व विक्की यादव की पासबुक भेजी। अजय के खाते में 25 हजार व विक्की के खाते में 50 हजार भेजने के बाद स्क्रीनशॉट थानाध्यक्ष के मोबाइल पर भेजा गया। भेजी गई रकम वापस न किए जाने पर इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई। एएसपी व सीओ ने जांच कर आख्या सौंपी। बुधवार को एसपी के आदेश पर तत्कालीन थानाध्यक्ष विजय कुमार, अजय कुमार व विक्की यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।