पनवाड़ी/खरेला। विभिन्न स्थानों पर बुधवार की रात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों रुपये कीमत का माल उड़ा दिया। घटना के समय दोनों परिवार दूसरे कमरों में गहरी नींद में सोते रहे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
तुर्रा गांव निवासी सुरेश कुमार रात को भोजन करने के बाद परिवार समेत कमरे में सो गया। देर रात चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखी 17 हजार रुपये की नकदी, सोने की अंगूठी, बाला, दो मोबाइल व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह परिजन जागे तो ताला टूटा व माल गायब देखा। थानाध्यक्ष शिव आसरे का कहना है कि जांच कराकर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
खरेला संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र के कनेरी गांव निवासी बाबूराम के घर चोर खपरैल तोड़कर अंदर घुसे। चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर आठ हजार रुपये, सोने की झुमकी, दो अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी की पायल समेत एक लाख रुपये से अधिक की कीमत का माल चोरी कर लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। बल्लायं गांव में मौदहा बांध के किनारे रखीं चार नाव चोरी हो गईं। पीड़ित वीरसिंह, बालकिशन, महेंद्र व राजेंद्र ने पुलिस को सूचना दी है।