अस्पताल में बदहवास बैठा भतीजा अरविंद व अन्य परिजन।
- फोटो : MAHOBA
महोबा/कबरई। कानपुर-सागर राजमार्ग में छानी मोड़ के समीप बाइक से इलाज कराकर लौट रहे मां-बेटे को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। हेलमेट न लगाने से युवक के सिर पर आने से जान चली गईं। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मां-बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
लिलवाही गांव निवासी सत्यप्रकाश कुशवाहा (23) शुक्रवार को बाइक से मां सावित्री (65) का दांतों का इलाज कराने के लिए हमीरपुर के मौदहा गया था। दोपहर डेढ़ बजे गांव लौटते समय हाईवे में छानी मोड़ के समीप सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए। सीएचसी कबरई से डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में ही मां व बेटे की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचे भतीजे अरविंद व अन्य परिजनों का रोकर बुरा हाल रहा। सत्यप्रकाश अविवाहित था।