महिला की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : MAHOBA
श्रीनगर (महोबा)। कानपुर-सागर हाईवे में बेलाताल तिराहा के समीप ट्रक ने मोपेड सवार दंपती को टक्कर मार दी। ट्रक के पहिये की चपेट में आने से महिला की मौके पर मौत हो गई जबकि पति घायल हो गया। पुलिस के देरी से पहुंचने से आक्रोशित लोगों ने हाईवे में पत्थर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कड़ी कार्रवाई का भरोसा देते हुए जाम खुलवाया। तब आधा घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका।
कोतवाली क्षेत्र के मामना गांव निवासी रामप्रसाद (50) अपनी पत्नी माया सेन (45) के साथ मोपेड से मंगलवार को मध्यप्रदेश के बागेश्वर धाम दर्शन करने गया था। साथ में अलग-अलग बाइकों से रिश्तेदार भी गए थे। सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे लौटते समय हाईवे में बेलाताल तिराहा के समीप छतरपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने मोपेड में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे महिला उछलकर सड़क पर गिर गई। इस दौरान ट्रक चालक महिला का सिर कुचलते हुए निकल गया। हेलमेट न लगाए होने से महिला की मौत हो गई, जबकि पति के दूसरी तरफ गिरने से कम चोटेें आईं हैं। चालक ट्रक लेकर मौके निकला। इधर आक्रोशित लोगों ने हाईवे में पत्थर रखकर जाम लगा दिया।
सूचना पर पुलिस ने 18 किमी पीछा करके ट्रक को कब्जे में कर चालक को हिरासत में लिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से मृतका के दो पुत्र अशोक, आशीष व पुत्री अभिलाषा का रो-रोकर बुरा हाल रहा।