महोबा। कोतवाली क्षेत्र के चांदो गांव में खाना बनाते समय लीकेज गैस सिलिंडर में आग लगने से नवविवाहिता की जलकर मौत हो गई। घटना में कच्चा मकान व गृहस्थी भी जलकर बर्बाद हो गई।
चांदो गांव निवासी कृष्ण कुमार की पत्नी माधुरी (23) मंगलवार की सुबह करीब सात बजे घर पर गैस सिलिंडर से खाना बना रही थी। तभी अचानक सिलिंडर लीकेज होने से आग लग गई। बुझाने की कोशिश में माधुरी बुरी तरह झुलस गई। तेज लपटों के साथ सिलिंडर जलने से गृहस्थी व कच्चा मकान भी चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक हजारों रुपये कीमत की गृहस्थी जलकर बर्बाद हो गई।
इधर गंभीर हालत में माधुरी को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। झांसी में इलाज के दौरान उसकी की मौत हो गई। मृतका की शादी चार माह पहले हुई थी। पति कृषि कार्य करके परिवार चलाता है। नवविवाहिता की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।