महोबा। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दंपती समेत छह लोग घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
जिले की सीमा से सटे जनपद छतरपुर के खटकियाना निवासी इशाक सोमवार की दोपहर बाइक से पत्नी जुबैदा व पुत्र शाहिद के साथ कस्बा चरखारी जा रहा था। तभी झांसी-मिर्जापुर हाईवे में पठा तिगैला के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार कार की बाइक से भिड़ंत हो गई। जिससे बाइक सवार दपंती समेत सूपा निवासी मिहीलाल (65) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर कस्बा कबरई निवासी छोटेलाल रविवार की शाम बाइक से घर लौट रहा था। तभी मवेशी को बचाने में बाइक असंतुलित होकर गिरने से युवक घायल हो गया। इसी तरह महाराजपुर निवासी प्रकाश पांडेय, इंगोहटा निवासी श्यामचंद्र , राठ चुंगी निवासी शशिकांत, कबरई निवासी गंगाचरन व बम्हौरी काजी निवासी अरुण अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने छोटेलाल, अरुण, इशाक व शाहिद की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।