महोबा। कोतवाली क्षेत्र के बिलवई रोड स्थित करिया पठवा के कुएं में एक युवक का पत्थर से बंधा शव मिला। पीठ में रस्सी के सहारे बड़ा पत्थर बंधा होने के चलते युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
गुरुवार को कुछ लोग करिया पठवा के समीप से गुजरे तो एक युवक का शव कुएं में पड़ा दिखा, जिसकी सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसआई उपेंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतक के शरीर में रस्सी से पत्थर बंधा मिला। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले युवक की हत्या की और बाद में शव को कुएं में पत्थर बांधकर फेंक दिया।
एसआई उपेंद्र कुमार ने बताया कि कुएं से पत्थर बंधा शव बरामद किया गया है। मृतक के पास से किसी भी प्रकार का पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।