चरखारी (महोबा)। कस्बे के ज्येंद्रनगर में मंगेतर की डांट से क्षुब्ध युवती ने गुरुवार को घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव पंखे से दुपट्टे से लटकता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
ज्येंद्रनगर निवासी बशीर मोहम्मद ने अपनी पुत्री नसीमा परवीन (20) की शादी अजनर थाना क्षेत्र के स्यावन गांव निवासी शाहरुख के साथ तय की थी। 14 सितंबर को कन्या पक्ष के लोग शादी पक्की करने गए थे। इसके बाद युवती की अपने मंगेतर से मोबाइल फोन पर बातचीत होने लगी। गुरुवार की दोपहर युवती ने मकान के कमरे में फांसी लगा ली। फंदे से शव लटका देखकर परिजनों के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पिता बशीर मोहम्मद ने बताया कि बुधवार की शाम को पुत्री के मोबाइल पर शाहरुख का फोन आया था। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। जब घर में कोई नहीं था, तभी पुत्री ने फांसी लगा ली। आरोप लगाया कि मंगेतर के डांटने से क्षुब्ध होकर उनकी पुत्री ने फांसी लगाकर जान दे दी है। उधर, कोतवाली प्रभारी शशिकुमार पांडेय का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।