महोबा। मोहल्ला भीतरकोट में घर में घुसकर महिला से मारपीट व लूटपाट करने के मामले में न्यायालय के आदेश पर शहर कोतवाली में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला भीतरकोट निवासी सबीना बेगम 19 नवंबर 2020 की शाम घर पर थी। तभी कानपुर के अनवरगंज निवासी पांच लोग घर में घुस आए। महिला से मारपीट करते हुए गला दबाने का प्रयास किया। बाद में आरोपी सोने की चेन व लॉकेट लूटकर फरार हो गए। पीड़िता ने शहर कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर महिला ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया।
न्यायालय के आदेश पर शहर कोतवाली में आरोपी साबिर अंसारी, सादिक, रईस अहमद, कौसरजहां व साजिद के खिलाफ घर में घुसकर लूटपाट, मारपीट व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई। विवेचना एसआई विनोद सिंह को सौंपी गई है। कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार दुबे का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।