महोबा। कुलपहाड़ थाने के एसएसआई देवेंद्र कुमार मिश्रा द्वारा मारपीट के केस से नाम हटाने के बदले पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले को एसपी ने गंभीरता से लिया है। एसपी ने एसएसआई को लाइन हाजिर करते हुए मामले की जांच सीओ कुलपहाड़ को सौंपी है।
कस्बा कुलपहाड़ के टौरियापुरा निवासी अनिल ने एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि कुलपहाड़ कोतवाली में उनके और साथियों के खिलाफ दर्ज मामले में उन्हें कई बार थाने बुलाया गया और पैसे की मांग की गई। 23 अक्तूबर को थाने में बुलाकर पांच हजार रुपये की मांग की गई। पीड़ित ने बातचीत का वीडियो बना लिया और एसपी को भी दिखाया। बाद में रिश्वत मांगने की वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इस मामले को एसपी ने गंभीरता से लिया और एसएसआई देवेंद्र कुमार मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया। मामले की जांच सीओ कुलपहाड़ तेजबहादुर सिंह को सौंपी गई है। सीओ का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।