महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में तीन महिलाओं समेत 11 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। बाइक सवारों के हेलमेट न लगाए होने से सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
कोतवाली कुलपहाड़ के खिरियाकलां गांव निवासी सुनील सोमवार की देर शाम किसी कार्य से बाइक से महोबा आ रहा था। तभी रास्ते में अजनर गांव के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। वहीं सीमा से सटे जनपद छतरपुर के टिकरी गांव निवासी रामकुमार (33) किसी कार्य से बाइक से कोतवाली क्षेत्र के बसौरा गांव जा रहा था। तभी रास्ते में श्रीनगर गांव के समीप एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी।
इसी तरह उरवारा निवासी भुवानीबाई , गौरहारी निवासी शिवनारायण, टीकमगढ़ निवासी मुन्नी , उछहरा सतना निवासी कैलाश , रतौली निवासी रवि, दुलारा गांव निवासी अवधरानी , चरखारी निवासी गुलाब, बरदा खरेला निवासी रामगोपाल व सिरसीकला निवासी ओमप्रकाश अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सुनील व रामकुमार की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।