खन्ना (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक पत्नी को लेने ससुराल जा रहा था। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवार के सिर पर आईं गंभीर चोटें उसकी मौत की वजह बनी।
थाना कबरई के खजुरिया पहरा गांव निवासी जगवा पाल का पुत्र राममिलन (24) मंगलवार की देर शाम बाइक से अपनी ससुराल बांदा जिले के खैरादा गांव जा रहा था। तभी न्यूरिया गांव के समीप कबरई से गिट्टी लादकर बांदा जा रहे डंपर ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल ले जाने की कोशिश की लेकिन इससे पहले उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने थाने में तहरीर देकर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी शिवआसरे का कहना है कि डंपर को कब्जे में लिया गया है। दुुर्घटना की जांच कराई जा रही है।
साढ़े तीन माह में ही उजड़ गया सीमा का सिंदूर
दुर्घटना में राममिलन की मौत से पत्नी सीमा का सिंदूर साढ़े तीन माह में ही उजड़ गया। खैरादा निवासी पूर्व प्रधान बृजराज पाल ने अपनी पुत्री सीमा की शादी 24 मई 2021 को राममिलन पाल के साथ की थी। इस समय पत्नी मायके में थी। पत्नी को लेने के लिए राममिलन ससुराल जा रहा था लेकिन रास्ते में दुर्घटना होने से उसकी मौत हो गई।