महोबा। विश्व स्वास्थ्य दिवस बुधवार को मनाया जाएगा। इस बार स्वास्थ्य दिवस वैक्सीन लगवाने वालों को समर्पित होगा। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने वालों को पुरस्कृत करेगा। इसके लिए प्रत्येक 25 हजार पात्रों में से लकी ड्रा से चार लाभार्थियों का चयन होगा। चयनित लाभार्थियों को दो-दो हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। लाभार्थियों का चयन तीन सदस्यीय टीम करेंगी।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान चल रहा। प्रथम चरण में हेल्थ वर्कर और दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर का टीकाकरण हुआ। अब शासन ने एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण करने के निर्देश दिए हैं। टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है।
कोरोना की दोनों डोज लगवाने वाले लाभार्थियों को पुरस्कार दिया जाएगा। लाभार्थियों का चयन लकी ड्रा के आधार पर किया जाएगा। इसमें 25 हजार लाभार्थी पर चार, 50 हजार लाभार्थी पर छह और 50 हजार से अधिक लाभार्थी पर आठ लाभार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमके सिन्हा ने बताया कि टीकाकरण की दोनों डोज लगवाने वाले लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। लाभार्थियों का चयन लकी ड्रा के आधार पर होगा। इसके लिए कमेटी गठित कर ली गई है।