महोबा। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में विभाग जुट गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम में सीसीटीवी के माध्यम से परीक्षा पर सीधे नजर रखी जा सकेगी।
डीआईओएस एसपी सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा 24 मार्च से शुरू होकर 12 अप्रैल तक चलेगी। परीक्षा में कुल 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें हाई स्कूल के 11000 और इंटरमीडिएट के 9954 छात्र सहित कुल 20956 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की प्रभावी मॉनीटरिंग डीआईओएस कार्यालय में होगी।
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह ईमानदारी के साथ कराया जाएगा। प्रत्येक सेंटर पर विभाग की सीधी निगरानी रहेगी। उन्हीं विद्यालयों को सेंटर बनाया गया है, जिनमें प्रत्येक कमरे में सीसीटीवी की व्यवस्था है।
कंट्रोल रूम की निगरानी के लिए मजहर अहमद, अमित, आलोक कुमार, मोहनलाल को जिम्मेदारी दी गई है। सभी केंद्रों की निगरानी की जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सुरेश प्रताप सिंह ने बताया बोर्ड परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र आ चुके हैं। परीक्षार्थी अपने विद्यालय पहुंचकर प्रवेश पत्र अवश्य प्राप्त कर लें।