खरेला (महोबा)। थाना खरेला के जरौली गांव में नौंवी की प्रवेश परीक्षा में फेल होने से आहत छात्र ने जहर खाकर जान दे दी। पिता ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण न होने पर बेटा परेशान था। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
जरौली गांव निवासी दिनेश राजपूत का बेटा कृष (16) बुधवार की रात घर पर था। इसी दाैरान किसी बात को लेकर उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर जहर खाने की बात परिजन को बताई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी ले गए जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
बृहस्पतिवार की सुबह उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि बेटे ने इस वर्ष आठवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। नौंवी में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा दी थी। इसमें वह फेल हो गया था। दाखिले को लेकर वह परेशान था। हो सकता है इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया हो। थानाध्यक्ष नन्हेलाल यादव का कहना है कि जहर खाकर छात्र के जान देने की जानकारी मिली है। घरेलू विवाद का मामला सामने आया है। जांच कराई जा रही है।