टैंकर से पानी भरने को लेकर जुटी भीड़।
- फोटो : MAHOBA
अजनर (महोबा)। जैतपुर के कस्बा अजनर में एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। एक निजी कंपनी केबिल डालने के लिए जगह-जगह खोदाई कर रही है। इससे कई स्थानों पर पाइपलाइन टूट गई है। गर्मी के मौसम में आपूर्ति ठप होने से पानी को लेकर मारामारी मची है। ग्राम पंचायत टैंकर के माध्यम से आपूर्ति करा रही है लेकिन लोगों को भरपूर पानी नहीं मिल रहा है।
अजनर पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन के जरिए पानी की आपूर्ति की जाती है। एक सप्ताह पहले खोदाई के दौरान पाइपलाइन कई स्थानों से टूट गई। इससे कस्बे की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। मामले की शिकायत लेगों ने जल निगम के अधिकारियों से की लेकिन आज तक पाइपलाइन को दुरुस्त नहीं कराया गया। इससे ग्रामीण टैंकर व दूर दराज स्थित जलस्रोतों से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं। पानी की समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत ने टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति शुरू कराई है। ग्राम प्रधान नन्हेराम ने बताया कि तीन टैंकरों से पानी भेजा जा रहा है। प्रतिदिन तीन टैंकर 33 चक्कर लगा रहे हैं ताकि लोगों को पेयजल की दिक्कत न हो। उधर, जल निगम के अवर अभियंता मनोज राजपूत का कहना है कि पाइपलाइन टूटी होने से आपूर्ति प्रभावित है। निजी कंपनी के ठेकेदार से लाइन दुरुस्त कराने को कहा गया है। कई स्थानों से पाइपलाइन टूट गई है। इसे बदलने की जरूरत है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।