महोबा। शहरवासियों को अब जल्द ही घर के दरवाजे पर आरओ का निशुल्क ठंडा पानी मिलेगा। इसके लिए पालिका प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। शहर के राठ रोड में 30 लाख रुपये की लागत से बड़े आरओ प्लांट की स्थापना कराई जाएगी। पालिका वैन टंकी रखकर शहर का भ्रमण करेगी। जरूरत के हिसाब से लोग पानी ले सकेंगे।
गर्मी के मौसम में शुद्ध व ठंडा पानी पीने के लिए लोगों को दाम चुकाने पड़ रहे है। घरों व प्रतिष्ठानों में 20 से 25 रुपये प्रति डिब्बा आरओ प्लांट से पानी मंगाया जा रहा है। शहरवासियों को आरओ का निशुल्क पानी मुहैया कराने के लिए पालिका प्रशासन ने बजट तय कर लिया है। सिर्फ निविदा प्रक्रिया शेष है। आरओ प्लांट लगने से लोगों को निशुल्क ठंडा पानी मिलेगा।
पालिका ने लोगों को दरवाजे पर पानी मुहैया कराने के लिए नई व्यवस्था तैयार की है। जिसके तहत पालिका वैन पानी की टंकी रखकर शहर का भ्रमण करेगी। जरूरत के हिसाब से लोग एक, दो व चार डिब्बा पानी ले सकेंगे। नगर पालिका के लेखाकार अरुण शुक्ला का कहना है कि डिजिटल आरओ प्लांट लगवाने की प्रक्रिया चल रही है। इस माह के अंत तक प्लांट स्थापित हो जाएगा। गर्मी के मौसम में लोगों को निशुल्क ठंडा पानी मिलेगा।