बेलाताल (महोबा)। साधन सहकारी समिति अकौना में लोडर में लदी 22 बोरी डीएपी खाद पुलिस ने पकड़ी है। यह खाद एक व्यापारी को बेची गई थी। सहायक निबंधक सहकारिता (एआर) ने सचिव व चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
जैतपुर ब्लॉक की साधन सहकारी समिति अकौना में तैनात सचिव प्रेमचंद्र यादव द्वारा किसानों को मिलने वाली डीएपी खाद ब्लैक में बेचे जाने की सूचना किसानों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गोपाल कुशवाहा को दी। सूचना मिलते ही प्रधान प्रतिनिधि रात करीब आठ बजे समिति पहुंच गए और समिति परिसर में खड़े लोडर में भरी 22 बोरी खाद पकड़ ली।
डीएम के निर्देश पर तहसीलदार कुलपहाड़ संजीव राय ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और सचिव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। सहायक निबंधक सहकारिता आरपी गुप्ता ने थाना अजनर में सचिव व लोडर चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष लाखन सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।