महोबा। शहर के गांधीनगर निवासी आईपीएस अधिकारी और उनके भाई एसआई के आवासों के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी व जेवरात समेत हजारों का माल चोरी कर लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधीनगर निवासी चेतराम वर्तमान में जनपद जालौन के थाना एट क्षेत्र के पिरौना पुलिस चौकी प्रभारी हैं। उनके छोटे भाई राजेश कुमार वर्मा वर्ष 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी तैनाती विमानन सुरक्षा अधिकारी के पद पर सफदरजंग एयरपोर्ट नई दिल्ली में है। वह वर्तमान में परिवार सहित दिल्ली में रहते हैं।
दोनों भाइयों के मकानों में ताले लगे थे। बृहस्पतिवार की रात चोर दोनों भाइयों के मकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसे। चोरों ने 10 हजार की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत 85 हजार कीमत का माल चोरी कर लिया। राजेश कुमार के एक कमरे में किरायेदार राजकुमार भी रहता है। उसके कमरे से भी चोर पांच हजार रुपये ले गए।
रिश्तेदारी से लौटे किरायेदार ने मकान मालिक को सूचना दी। सूचना पर चेतराम घर लौटे और शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।