महोबा। शहर कोतवाली क्षेत्र के रैपुराकलां गांव में महिला की जहर खाने से मौत होने के बाद बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे मायके और ससुराल पक्ष के लोग भिड़ गए।
इस दौरान दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। आसपास मौजूद लोगों ने मामला शांत कराते हुए पुलिस को सूचना दी। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली चरखारी के गुढ़ा निवासी छत्रपाल परिहार ने अपनी बेटी विनीता की शादी 15 साल पहले रैपुराकलां निवासी त्रिलोक से की थी। मंगलवार की शाम पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने जहर खा लिया था। इससे उसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और मारपीट हो गई।
मृतका के भाई बाल सिंह और शैवेंद्र ने आरोप लगाया कि बहन की मौत होने पर दो घंटे बाद उन्हें जानकारी दी गई। उसी गांव में उसकी बहन अनीता रहती है, उसे भी जानकारी नहीं दी गई। पिछले चार साल से ससुरालीजन बहन को मायके नहीं भेज रहे थे। घटना से दो बेटों गौरव और सौरभ का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, कोतवाली प्रभारी नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।