पनवाड़ी (महोबा)। अर्जुन सहायक परियोजना के अंतर्गत लहचूरा बांध से जुड़ी नहर 15 दिन से सूखी पड़ी है। पनवाड़ी क्षेत्र से जुड़े एक दर्जन से ज्यादा गांवों के किसान परेशान हैं। नहर में पानी न आने से फसल को समय से पानी नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने आला अधिकारियों से नहर में पानी छोड़ने की मांग की है। जिससे उनकी फसल की पैदावार प्रभावित न हो।
अर्जुन सहायक परियोजना के अंतर्गत लहचुरा बांध से निकली नहर से पनवाड़ी ब्लाक के काशीपुरा, करपहड़िया, लिलवा, टपरन, धरवार, कैथोकर, दीदवारा, बहादुरपुरा, पहड़िया, इटौरा, कुनाटा, चुरारी, कोहनियां, नैपुरा, भरवारा के किसानों को लाभ मिलता है। ग्रामीण राजू, भागीरथ, सरजू, गुलाब, शैलेन्द्र, ओमप्रकाश, चंद्रप्रकाश, छत्रपाल सहित दर्जनों किसानों ने मांग की है कि नई सरकार का गठन हो गया है। अब किसानों की समस्या के लिए अधिकारियों व माननीयों को ध्यान देना चाहिए। जिससे फसलों को सूखने से बचाया जा सके।