महोबा/चरखारी। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो महिलाओं समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
हमीरपुर जिले के पहाड़ी गांव निवासी प्रदीप अपने साथी अरविंद के साथ बाइक से चरखारी आ रहे थे। सुदामापुरी के पास बड़ी नहर के निकट बाइक असंतुलित होकर गड्ढे में गिरने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से प्रदीप को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस न मिलने पर परिजन उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए।
उधर, मोहल्ला भीतरकोट निवासी श्रीराम (26) अपने साथी हरगोविंद (48) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए। वहीं, बलचौर निवासी नीतेंद्र (22), चरखारी निवासी रागनी (47), झिरसहेबा निवासी बीरेंद्र (34), नगाराघाट निवासी आश्वेंद्र (24) व पठा लवकुशनगर निवासी दुरजिया (68) भी सड़क हादसों में घायल हो गए।