महोबा। गणेश चतुर्थी पर जिले में गणेश पूजा की धूम रहेगी। शहर में जगह-जगह मूर्तिकार गणेश प्रतिमाआें को अंतिम रूप देने में जुट गये हैं। शहर में एक दर्जन स्थानाें पर गणेश पंडालाें में गणपति की प्रतिमाएं सजाई जाएंगी।
बता दें कि गणेश चतुर्थी पर्व पर शहर में जगह-जगह पंडाल लगाकर गणपति की पूजा- अर्चना की जाती है। गणेश महोत्सव 29 अगस्त से शुरू होकर नौ सितंबर तक चलेगा। इस दौरान शहर में एक दर्जन से अधिक स्थानाें पर पंडाल लगाकर छोटी-बड़ी गणेश जी की प्रतिमाएं विराजमान हाेंगी। गणेश महोत्सव के अवसर पर सुभाष पुलिस चौकी, परमानंद चौराहा, डाक बंगला, गांधी नगर, प्राइवेट बस स्टैंड, ऊदल चौक, तमराई बाजार, मलकपुरा, मिशन चौराहा सहित एक दर्जन स्थानाें पर भव्य गणेश पंडाल सजाए जाएंगे।
शहर के माहेश्वरी माता मंदिर और तिलक भवन के सामने भगवान गणेश की प्रतिमाआें को मूर्तिकार अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। मिट्टी से तैयार की गई प्रतिमाआें को कलर करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। दोनाें स्थानाें पर मूर्तिकाराें ने एक सैकड़ा से ज्यादा गणेश प्रतिमाएं तैयार की हैं, जिन्हें जगह-जगह गणेश पंडालाें में स्थापित किया जाएगा।