महोबा। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के महाप्रबंधक की बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही डीएम मुरली मनोहर लाल सहित तमाम अफसर जिला अस्पताल पहुंच गए।
जिला मुख्यालय से पांच किलोमीटर दूर स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन कालोनी निवासी जीएम आनंद गुप्ता (48) सुबह 9:30 बजे नाश्ता करने के बाद लेट गए। 10 बजे पत्नी ऑफिस जाने के लिए उन्हें जगाने पहुंचीं तो वह अचेत अवस्था में दिखे। उनके शोर मचाने पर मिलिट्री फोर्स मौके पर पहुंच गया और उन्हें डीआरडीओ की गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टराें ने चेकअप के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जीएम की मौत की जानकारी मिलने पर डीएम जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी में मौजूद प्रभारी सीएमएस आरपी मिश्रा से जानकारी ली। वहीं व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विनोद पुरवार परिवार सहित जिला अस्पताल पहुंच गए। रामजी गुप्ता के अलावा डीआरडीओ के तमाम अधिकारी और मिलिट्री फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।