महोबा। जिला अस्पताल की सिलेक्ट्रा मशीन में खराबी आने से दो दिन से किडनी और लिवर की जांचें ठप हैं। इससे मरीज परेशान हैं। मजबूरी में वह रुपये देकर निजी पैथोलॉजी में जांच करा रहे हैं। इससे उनके समय व रुपये की बर्बादी हो रही है। हालांकि, सीएमएस का दावा है कि सोमवार से जांचेंं शुरू हो जाएगी।
जिला अस्पताल में इस समय प्रतिदिन औसतन एक हजार से 1,200 मरीज इलाज के लिए आते हैं। अधिकांश मरीजों को डाॅक्टर इलाज के पहले ब्लड सैंपल की जांच कराने की सलाह देते हैं। 24 घंटे लगातार बारिश होने से नमी के चलते पैथोलॉजी में रखी सिलेक्ट्रा मशीन में खराबी आ गई। इससे 18 जुलाई से जांचें ठप हैं। इलाज कराने अस्पताल पहुंचे मरीजोंं को परेशानी हो रही है। शनिवार को 50 मरीज बिना जांच और इलाज के ही लौट गए। कुछ मरीजों ने निजी पैथोलॉजी से जांच कराकर इलाज कराया। सीएमएस डॉ. पीके अग्रवाल का कहना है कि नमी के चलते सिलेक्ट्रा मशीन में दिक्कत आई है। सोमवार से पैथालॉजी में मरीजों के किडनी व लिवर की जांच शुरू करा दी जाएगी।