महोबा। शासन के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत अधिकारियों ने जगह-जगह छापा मारकर पॉलिथीन बरामद की। अफसरों की टीम ने दुकानदारों से 30,000 रुपये का जुर्माना भी वसूला। अभियान के चलते दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
उपजिलाधिकारी सदर देवेंद्र सिंह और अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ शहर के सुभाष चौक, राठ चुंगी, सब्जी मंडी स्थित दुकानों में छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान किराना व्यापारी बॉबी पुरवार, देवेंद्र कुमार तिवारी, किराना स्टोर संचालक परशुराम, शशिकांत चौरसिया, सतीश चंद्र गुप्ता की दुकानों में छापामार कर प्रतिबंधित पॉलिथीन, डिस्पोजल प्लास्टिक, थर्माकोल के थाली और गिलास बरामद की गई।
छापामार कार्रवाई की खबर लगते ही तमाम दुकानदारों की धड़ाधड़ शटर गिर गई। इसके बाद भी कई दुकानों से अभियान के दौरान 20 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की गई। शासन के निर्देश पर चलाए गए अभियान से दुकानदार दहशत में नजर आए। इस दौरान अधिकारियों के साथ नायब तहसीलदार लखनलाल और पुलिस टीम भी शामिल रही।