महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दंपती समेत 13 लोग घायल हो गए। एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हेलमेट न लगाने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटेें आईं।
जनपद छतरपुर के गठेवरा निवासी शिवदयाल अनुरागी (55) मंगलवार की दोपहर बाइक से अपनी पत्नी सुशीला (45) के साथ ऐंझी जिला हमीरपुर जा रहा था। तभी रास्ते में थाना खरेला के रिवई गांव के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से भाग निकला। सुशीला को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।
वहीं सूपा निवासी मोहन (36) सोमवार की शाम अपने भाई चिंटू (31) के साथ बाइक से महोबा आ रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए। इसी तरह गुढ़ा निवासी सतेंद्र (30), करहराकलां निवासी जीतेंद्र (34), सिरमौर निवासी राजेंद्र (25), लुहारी निवासी कंधी (28), नथूपुरा निवासी जयराम (35), गहरा निवासी शिवदेवी (65), बगरौन निवासी सत्तीदीन (60), सूपा निवासी आशाराम (27) व हमीरपुर निवासी जयहिंद (18) भी अलग-अलग सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।