युवक को जंगल मे बुला कर मारा चाकू, हालत गंभीर
पनियरा (महराजगंज ) थाना क्षेत्र के बभनौली-भटहट मार्ग पर स्थित समय मां के स्थान के पास एक युवक को बुला कर गांव के ही दूसरे युवक ने गर्दन पर कई जगह चाकू मार दिया तथा मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ युवक को ग्रामीणों ने पहले थाने व उसके बाद अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना के बाद सनसनी फैल गई है। प्रधान द्वारा सूचना दिए जाने के बाद दो पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तथा आरोपी द्वारा छोड़कर गए बाइक को अपने साथ लेकर थाने गए। पुलिस का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है।
ग्रामीणों ने बताया कि पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बभनौली के डॉक्टर टोला निवासी राजेन्द्र साहनी पुत्र रामकिशुन (26) वर्षीय को देर शाम उसी गांव के रहने वाले एक युवक ने फोन करके अपने पास बुलाया और दोनों दो मोटरसाइकिल से जंगल मे स्थित समय मां के स्थान पर गए। वहां पर दूसरे युवक ने राजेंद्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि घटना की जानकारी है, अभी तहरीर नहीं मिली है ।तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गैर इरादतन हत्या के चार अभियुक्त गिरफ्तार
महराजगंज। कोठीभार पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं श्यामदेउरवा पुलिस ने मानसिक रुप से अस्वस्थ महिला को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।