विश्व हृदय दिवस : विद्यार्थियों को दिया गया जागरूकता का संदेश
परतावल/घुघली (महराजगंज )। ‘विश्व हृदय दिवस’ के अवसर पर बुधवार को सुबह 9 बजे श्रवण सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय कतरारी में किशोर-किशोरियों को जागरूक किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल के डॉ. एन मिश्रा, मान सिंह तथा किशोर स्वास्थ्य काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने सेहत के प्रति सजग रहने का सुझाव दिया।
काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार, प्रतिदिन व्यायाम तथा खाने-पीने की वस्तुओं में वसा युक्त भोज्य पदार्थ कम करने की सलाह दी। बच्चों को शपथ दिलाया कि मैं अपनी दैनिक दिनचर्या में पौष्टिक आहार खाने, प्रतिदिन 30 मिनट की शारीरिक व्यायाम करने की गतिविधि को शामिल करूंगा।
उपनगर घुघली स्थित डीएवी नारंग इंटर कॉलेज हृदय दिवस पर कॉलेज में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के प्रशिक्षक योगेंद्र प्रसाद, जमशेद अहमद व सीमा देवी ने छात्र छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि हृदय रोग पूरे विश्व में आज एक गंभीर बीमारी के तौर पर उभरा है। इस बीमारी की सबसे बड़ी वजह है, तनाव व अनियमित खान पान। उन्होंने कहा कि अपने हृदय को स्वस्थ और मजबूत बनाएं रखने के लिए शारीरिक श्रम के साथ-साथ शुद्ध आहार का सेवन करें। नशा जैसी प्रवृति से दूर रहें। प्रधानाचार्य श्रीकिशुन सिंह ने छात्र-छात्राओं से अपील किया कि विश्व हृदय दिवस के अवसर पर आज यह शपथ लें कि नशा से दूर रहेंगे।