महराजगंज। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, आयुष्मान भारत, संस्थागत प्रसव सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा हुई।
जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव में संतोषजनक प्रदर्शन न होने पर एमओआईसी पनियरा को चेतावनी देने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी एमओआईसी को संस्थागत प्रसव में सुधार लाने के निर्देश दिए। प्रसव के बाद माताओं को भुगतान को भी समय से करने हेतु निर्देशित किया। 30 जनवरी को आयुष्मान भारत के अंतर्गत विशेष अभियान में सबसे खराब प्रदर्शन पर नौतनवा, महराजगंज और निचलौल के चिकित्सा अधीक्षकों को चेतावनी जारी करने और आयुष्मान गोल्डन कार्ड के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सीएमओ को सभी चिकित्सा अधीक्षकों के आंगनबाड़ी की भ्रमण की समीक्षा के लिए एसीएमओ डॉ राकेश कुमार, डीपीओ दुर्गेश कुमार और बीएसए श्रवण कुमार गुप्ता की त्रिस्तरीय समिति बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मार्च के प्रथम सप्ताह में एनएचएम की वित्तीय समीक्षा वर्चुअल माध्यम से करने के लिए बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. नीना वर्मा, सीएमएस एपी भार्गव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. राकेश कुमार मौजूद रहे।