गले में खराश, बुखार, शरीर में दर्द, दस्त, जुकाम और खांसी के लक्षणों के साथ मरीज अस्पताल पहुंच रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। दिन और रात के तापमान में 10 डिग्री तक के अंतर ने वायरल इंफेक्शन को बढ़ा दिया है। बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक इसकी चपेट में आ रहे हैं। सरकारी व निजी अस्पतालों में ओपीडी बढ़ गई है। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ की ओपीडी सोमवार को 700 मरीजों तक रही। यही हाल निजी अस्पतालों का भी रहा। मरीज गले में खराश, बुखार, शरीर में दर्द, दस्त, जुकाम और खांसी के लक्षणों के साथ डॉक्टर के पास पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों के मुताबिक मरीजों के खून की जांच करवाई जा रही है तो उनमें वायरल इंफेक्शन मिल रहा है। ऐसे मौसम में ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है, खास कर उन लोगों को जो पहले से ही गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। दिन का तापमान 31 और रात का तापमान 19 डिग्री तक चल रहा है। ऐसे में वायरल इंफेक्शन बढ़ रहा है।
-
वायरल इंफेक्शन से बचने के लिए ये बरतें सावधानियां
- बाहर की बनी चीजों का सेवन करने से परहेज करें।
- ठंडी चीजें न खाएं।
- कूलर, एसी और पंखे का प्रयोग न करें।
- पानी उबालकर ठंडा करके पीएं
- ऐसे कपड़े डालें जो पूरे शरीर को ढक सकें।
-
वायरल इंफेक्शन से ग्रस्त लोग मुंह पर मास्क लगाकर रखें ताकि इसे फैलने से रोका जा सकें।
मौसम में बदलाव और दिन व रात के तापमान में ज्यादा अंतर के कारण वायरल इंफेक्शन बढ़ा है। बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। लोगों को ऐसे मौसम में ठंडी चीजों के सेवन से परहेज करना चाहिए। पानी उबालकर पीएं और ऐसे कपड़े डाले जो शरीर को ढक सकें।
- डॉ. रंजन मिश्रा, बाल रोग विशेषज्ञ