दूसरी डोज से वंचित वंचित 1.18 लाख लाभार्थियों का 24 जून तक होगा टीकाकरण
महराजगंज। कोरोनारोधी टीके की दूसरी डोज से वंचित 12 से 14 तथा 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1.18 लाख लाभार्थियों को टीका लगाने के लिए उनके घर के नजदीक टीकाकरण का विशेष अभियान चलाते हुए टीकाकरण कराया जाएगा।
कोविड टीकाकरण की दूसरी डोज से वंचित सभी लाभार्थियों का टीका लगाने का निर्देश प्राप्त हुआ है। ऐसे में कोविन पोर्टल पर उपलब्ध सूची के अनुसार लाभार्थियों को 24 जून तक टीका लगाया जाएगा। आशा व अन्य फ्रंट लाइन कार्यकर्ता की ओर से घर-घर दस्तक लाभार्थियों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के खुलने के उपरांत टीकाकरण टीम की ओर से स्कूलों में जाकर सेवा दिवस आयोजित कर छूटे किशोर-किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि दूसरी डोज से वंचित 1.18 लाख लाभार्थियों को प्रत्येक दशा में 24 जून तक टीका लगा दिया जाएगा। जिला कोल्ड चेन मैनेजर नागेंद्र पांडेय के मुताबिक 12-14 आयु वर्ग के करीब 1.13 लाख लक्ष्य के सापेक्ष 95,869 को प्रथम तथा 17,579 को दूसरी डोज लग चुकी है। अब भी 78,290 लाभार्थी दूसरी डोज से वंचित हैं। वहीं 15-17 वर्ष आयु वर्ग के करीब 1.88 लाख लक्ष्य के सापेक्ष करीब 1.65 लाख को प्रथम तथा 1.25 लाख को दूसरी डोज लग चुकी है। जबकि करीब 40 हजार लाभार्थी दूसरी डोज से वंचित हैं।