महराजगंज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के तहत संचालित होने वाली बोर्ड परीक्षा में बृहस्पतिवार को 109 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच हिंदी की परीक्षा हुई। परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंच गए थे। पहले दिन प्रथम पाली में 2295 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को देखते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा आंतरिक उड़ाका दल भी सक्रिय रहा। सोशल मीडिया पर भी टीम की नजर रही।
जानकारी के अनुसार, हाईस्कूल की परीक्षा हिंदी प्रथम पाली में 42212 में 2295 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं इंटर में 32596 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 1485 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। 110 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट, पांच जोनल मजिस्ट्रेट निगरानी में जुटे रहे। परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही थी। केंद्रों के आसपास की दुकानें भी बंद रहीं। पुलिस कर्मी प्रत्येक हलचल पर नजर रखे रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय ने बताया कि सभी केंद्रों पर निगरानी की गई। उच्चाधिकारियों से मिले निर्देश के बारे में सभी केंद्र व्यवस्थापकों को अवगत करा दिया गया है। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।