महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के बरवाराजा गांव में बुधवार को बाइक सवार जनार्दन खेत में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, जनार्दन सिंह रामनगर चौराहे पर एक बिल्डिंग की दुकान चलाते थे। बुधवार को वह किसी काम से बाइक से बागापार स्थित बरवाराजा गांव की ओर जा रहे थे। तभी अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान के रोपाई वाले खेत में जा गिरी, जिससे जनार्दन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जनार्दन सिंह को मृत घोषित कर दिया। मृतक जनार्दन सिंह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी एक बेटी है जिसका विवाह हो चुका है, जबकि बेटा रवि सिंह (22) अभी पढ़ाई कर रहा है। पिता की असमय मौत से रवि और उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी सत्येन्द्र कुमार राय के अनुसार, मृतक जनार्दन सिंह के शव कब्जे में लिया गया है। संवाद