महराजगंज। महिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाली गर्भवतियों को रोजाना अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिलती। विभाग सप्ताह में चार दिन सेवा उपलब्धता का दावा कर रहा है। इस सुविधा का शुभारंभ पिछले दिनों हुआ था। व्यवस्था शुरू होने से उम्मीद थी कि महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा, लेकिन उम्मीद टूटती नजर जा रही है।
जिला महिला अस्पताल में प्रत्येक दिन प्रसव पीड़ित और गर्भवती महिलाएं उपचार के लिए आती हैं। सात सितंबर को महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड का उद्घाटन किया गया था। महिलाओं को उम्मीद थी कि जरूरत पड़ने पर वह अल्ट्रासाउंड सुगमता से तुरंत करा सकेंगी, लेकिन यह पूरा होता नहीं दिख रहा। क्योंकि सप्ताह में कुछ विशेष दिनों ही इस सुविधा का लाभ दिया जा रहा है।
सोमवार को महिला अस्पताल में यह सुविधा बंद मिली। यहां मौजूद निर्मला, गीता, राधिका, साधना ने बताया कि रोजाना यहां अल्ट्रासाउंड न होने के कारण जांच के लिए जिला अस्पताल जाना पड़ता है। भीड़ की अधिकता के कारण मुश्किल से नंबर आता है। साथ ही लंबा इंतजार भी करना पड़ता है। शीघ्र अगर जांच रिपोर्ट प्राप्त करना जरूरी है तो निजी सेंटरों पर जाने की मजबूरी रहती है। सीएमएस डाॅ. एपी भार्गव ने कहा कि महिला अस्पताल में सप्ताह के पांच दिन इस सुविधा को संचालित करने का प्रयास किया जाएगा।