महराजगंज। नगर के काॅलेज रोड पर स्थित मेन रोड जिला परिषद मार्केट के सामने सड़क पर गैस सिलिंडर लदा ट्रक खराब हो गया। देखते-देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे जिला परिषद मार्केट के सामने गैस सिलिंडर लदा ट्रक मोड़ने के दौरान बीच सड़क पर ही खराब हो गया। सुबह का समय होने के कारण इसमें स्कूली वाहन भी फंसे गए। चालकों ने स्कूली बच्चों को वैकल्पिक रास्तों से स्कूल पहुंचाया। वहीं काम पर जाने वाले रमेश, सूरज, कमलेश, संतराम, मंजेश ने कहा कि रोजाना गाड़ी सड़क पर खड़ी होने से जाम लग जाता है।
छोटे व बड़े वाहन चालकों के जल्दी निकलने की होड़ में रास्ता अक्सर जाम रहता है। जबकि इस रोड पर काॅलेज, सदर सीएचसी के कारण लोगों का आना जाना लगा रहता है। जाम के कारण लोगों को असुविधा झेलनी पड़ती है। स्थानीय लोगों की मदद से सोमवार को करीब एक घंटे बाद जाम से निजात मिला। यातायात प्रभारी अरुणेंद्र सिंह ने कहा ट्रक खराब हो गया था। बाद में ट्रक को किनारे करवाकर रास्ता खोलवाया गया। लापरवाही के चलते ट्रक का चालान भी काटा गया।