घुघली। घुघली रेलवे स्टेशन पर तीसरी रेल लाइन की रिमॉडलिंग का कार्य बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से शुरू हुआ। इस दौरान घुघली शिकारपुर मार्ग छह घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इसके चलते लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। महराजगंज आने जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। करीब दो बजे के बाद आवागमन बहाल हुआ।
जानकारी के मुताबिक, रेल रिमाडलिंग कार्य के चलते घुघली पुलिस ने सुभाष चौक और रामपुर बलडीहा चौराहे से रूट का डाइवर्जन किया था, जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा असुविधा एंबुलेंस सवार मरीजों को हुई। मरीज लगभग डेढ़-दो घंटे तक हलकान रहे।
पूर्वोत्तर रेलवे के कर्मचारी-अधिकारी यांत्रिक यान के साथ घुघली रेलवे स्टेशन पहुंचे और घुघली रेलवे क्रॉसिंग बंदकर तीसरी रेल लाइन की रिमॉडलिंग का काम शुरू किया, जो छह घंटे तक चला। इस दौरान घुघली रेलवे स्टेशन पर कई पैसेंजर और एक्सप्रेस गाड़ियां घंटों खड़ी रहीं।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक कौशल कुमार ने बताया कि रेलवे लाइन के रिमाॅडलिंग का कार्य चल रहा है। इससे यातायात बाधित रहने के साथ थोड़ी परेशानी भी होगी। जल्दी ही कार्य समाप्त कराकर यातायात शुरू करा दिया जाएगा। संवाद