महराजगंज। जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। एटीएम का नंबर पूछकर एक लाख 99 हजार की ठगी कर ली गई।
धनेवा-धनेई के रहने वाले प्रहलाद कुमार के पिता के बैंक खाते से ठगों ने 1.99 लाख रुपये की राशि निकाल ली। घटना 17 फरवरी की है। एक व्यक्ति ने प्रह्लाद के पिता के मोबाइल नंबर पर फोन किया। उनसे एटीएम कार्ड का नंबर पूछा, जो उन्होंने बता दिया। इसके बाद मोबाइल पर एक ओटीपी आया। जब ठग ने ओटीपी मांगा तो पीड़ित को शक हुआ और उन्होंने ओटीपी नहीं बताया।
साथ ही पीड़ित एसबीआई बैंक पहुंचकर शाखा प्रबंधक से मिलकर एटीएम कार्ड को तत्काल बंद कर दिया, लेकिन 11 मार्च को जब उन्होंने अपना खाता चेक किया तो पता चला कि 18 फरवरी को उनके खाते से 1,99 लाख रुपये निकाल लिए गए थे। साइबर थाना प्रभारी सजनु यादव के अनुसार, प्रह्लाद की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। संवाद