‘कोरोना गाइडलाइन का पूरा पालन करें आमजन’
महराजगंज। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार व पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने मंगलवार को नगर के सक्सेना चौक, उप निबंधक कार्यालय, पुरानी तहसील व भीड़भाड़ वाले स्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने आमजन से कोरोना संबंधी दिशा निर्देश का पूरा पालन करने को कहा। बचाव को लेकर आमजन को मास्क का भी वितरण किया गया।
उन्होंने कहा कि देश में ओमिक्रॉन व जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। ऐसे में सभी व्यक्तियों की ओर से जागरूक रहने व बचाव के संपूर्ण प्रबंध किए जाने की आवश्यकता है। कोरोना संक्रमण की वजह से एक-दूसरे में फैल रहा है। ऐसे में सभी को बिना मास्क नहीं निकलना चाहिए। उन्होंने सभी को मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, सैनिटाइजर का प्रयोग करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। यह भी कहा कि घर पहुंचकर लोग साबुन से हाथ धोएं तथा सैनिटाइजर का प्रयोग करें। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट साईं तेजा सीलम, पुलिस उपाधीक्षक अजय चौहान समेत निकायों के अन्य जिम्मेदार भी मौजूद रहे।